मितौली खीरी। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगाए गए दिशा-सूचक संकेतकों में त्रुटियों के कारण क्षेत्र से गुजरने वाले राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने विभाग से जल्द से जल्द इन गलतियों को सुधारने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, फत्तेपुर–जगदीशपुर–ओलरापुर मोड़ तक तथा फत्तेपुर–ककरहा मार्ग को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत किया गया है। इसी मार्ग पर सलाहपुर अंबेडकर पार्क से आगे राममूरत पाल के मकान के पास लोक निर्माण विभाग द्वारा लगाया गया दिशा-सूचक गेट गलत दिशा दर्शा रहा है।
गेट पर फत्तेपुर को पश्चिम दिशा में दर्शाया गया है, जबकि वास्तविकता में फत्तेपुर पूरब दिशा में स्थित है। इस त्रुटि के कारण दूर-दराज से आने वाले राहगीर भ्रमित होकर गलत मार्ग पर चले जाते हैं, जिससे उनका समय और ईंधन दोनों व्यर्थ होते हैं।
इसके अलावा मितौली तहसील के निकट लखीमपुर–मैगलगंज मार्ग पर कचियानी पुरवा के पास लगे संकेतक में गांव का नाम “कीचियानी” अंकित किया गया है, जबकि सही नाम “कचियानी” है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक न तो नाम में सुधार किया गया और न ही दिशा-सूचक बोर्ड की त्रुटि दूर की गई।
क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि दोनों स्थानों पर लगे गलत संकेतकों को शीघ्र ठीक कराया जाए, ताकि राहगीरों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और आवागमन सुगम हो सके।

