लखीमपुर खीरी। गोला गोकरण नाथ (छोटी काशी) व जनपद के अन्य शिव मंदिरों में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध सावन मेले व कांवड़ यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के निर्देश पर स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सावन मेले की निगरानी व स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु सीएचसी अधीक्षक डॉ. मयंक सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसे लेकर डॉ प्रमोद वर्मा को नोडल अधिकारी बनाया गया है और डॉ प्रमोद रावत को सह नोडल अधिकारी बनाया गया है।
मेला स्थल पर स्थापित स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सकों (डॉक्टरों), फार्मासिस्टों तथा अन्य सपोर्टिंग मेडिकल स्टाफ की रोस्टरवार 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। शिविरों में श्रद्धालुओं के इलाज के लिए सभी आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं, ओआरएस (ORS) पैकेट व आकस्मिक चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
*प्रमुख स्थलों पर स्वास्थ्य टीमों व एंबुलेंस की तैनाती*
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चिकित्सीय दल एवं एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था की गई है जिसमें
ऐरा पुल, सिलौटा चौराहा, एलआरपी चौराहा, फरधान, लीलेटीनाथ मंदिर, शारदानगर, संसारपुर, बिजुआ, गोमती मोड़ तिराहा (मोहम्मदी रोड), वास्ता चौराहा, टेड़ेनाथ मंदिर, नकहा तथा खमरिया आदि स्थानों पर रोस्टर के अनुसार 24 घंटे एम्बुलेंस व स्वास्थ्य टीम की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं शिव मंदिर प्रांगन (गोला): मंदिर परिसर, रिलायंस पेट्रोल पंप चेक पोस्ट तथा कंजा चेक पोस्ट पर भी डॉक्टरों, आयुष फार्मासिस्टों व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की शिफ्टवार तैनाती रहेगी।
*एंबुलेंस व्यवस्था*
गोला गोकरण नाथ (नीलकंठ मैदान में। गोला गोकरण नाथ (रिलायंस पेट्रोल पंप व कंजा चौक पर 108 एम्बुलेंस सावन के प्रत्येक सोमवार व प्रमुख तिथियों पर तौनात रहेगी।
अन्य शिव मंदिर स्थल: लखीमपुर (लीलेटीनाथ मंदिर), मोहम्मदी (टेड़ेनाथ शिव मंदिर), देउकली मंदिर, सिरैया चौराहा, एलआरपी और शारदानगर में भी आकस्मिक चिकित्सीय व्यवस्था के दृष्टिगत 108 एंबुलेंस की तैनाती की गई है।

