मितौली, खीरी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जुगल किशोर ने मितौली में मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में लगातार हार के बाद राहुल गांधी, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल सहित कई विपक्षी नेता राजनीतिक रूप से असहज हो गए हैं। लोकतंत्र में सत्ता का मार्ग केवल जनता के जनादेश से तय होता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के पथ पर अग्रसर होकर विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण, जातिवाद, परिवारवाद, अलगाववाद और भ्रष्टाचार की राजनीति करने वाले दलों को अंततः जनता नकार देती है। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिस शासनकाल में शिक्षा माफियाओं का बोलबाला था और प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आती थीं, आज वही लोग शिक्षा बचाने की बात कर रहे हैं।
जुगल किशोर ने विपक्ष पर छात्रों के मुद्दों का राजनीतिक उपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मासूम छात्रों को आंदोलन के नाम पर भ्रमित करना और उनके भविष्य से खिलवाड़ करना घोर निंदनीय है। उन्होंने कहा कि छात्र हित के नाम पर चल रहे कुछ आंदोलनों में मूल मुद्दों से भटककर राजनीतिक और वैचारिक एजेंडा आगे बढ़ाया जा रहा है, जो उचित नहीं है।
उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके मूल सिद्धांत स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित थे तथा उन्होंने पूरे समाज को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया। ऐसे महान व्यक्तित्व के नाम का राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दलित, पिछड़े और वंचित समाज को जितना सम्मान और अवसर मिला है, उतना पहले कभी नहीं मिला।
पूर्व सांसद ने कहा कि आज देश वैश्विक स्तर पर मजबूत स्थिति में खड़ा है और भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और सामाजिक समरसता के मार्ग पर आगे बढ़ता रहेगा।

