पारदर्शी, निष्पक्ष व जनहितकारी प्रशासन देने का दिया भरोसा, अधिकारियों-कर्मचारियों से किया परिचय
मितौली, लखीमपुर खीरी।
मितौली तहसील में नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) संतदास पवार ने सोमवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने तहसील परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा तहसील के प्रशासनिक कार्यों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी संतदास पवार ने कहा कि शासन की मंशा एवं प्राथमिकताओं के अनुरूप पारदर्शी, निष्पक्ष एवं जनहितकारी प्रशासन उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि तहसील में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईमानदारी, जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी को टीम भावना से कार्य करना होगा। नवागत एसडीएम के कार्यभार ग्रहण करने पर तहसील परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

