लखीमपुर खीरी। पुलिस सैलरी पैकेज बीमा योजना के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने दिवंगत आरक्षी रमेशचंद्र शुक्ला की पत्नी श्रीमती रेनू शुक्ला को ₹1 करोड़ का बीमा चेक प्रदान किया। यह चेक मंगलवार को पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने औपचारिक रूप से उन्हें सौंपा।
आरक्षी रमेशचंद्र शुक्ला थाना गोला में तैनात थे। 30 जून 2025 को सरकारी कार्य के लिए जाते समय वह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान 1 जुलाई 2025 को उनका निधन हो गया था। इसके उपरांत पुलिस सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत एसबीआई द्वारा उनके परिवार को ₹1,00,00,000 (एक करोड़ रुपये) की बीमा धनराशि स्वीकृत की गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने दिवंगत आरक्षी के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत उपलब्ध बीमा सुरक्षा पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों के लिए कठिन समय में आर्थिक संबल का कार्य करती है। उन्होंने इस योजना को पुलिस परिवारों के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार राय, भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक धीरज कुमार सिंह, एसबीआई मुख्य शाखा खीरी के प्रबंधक सौरभ पाण्डेय सहित पुलिस एवं बैंक के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

