लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सड़क अवसंरचना को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ लखनऊ में ₹4,850 करोड़ से अधिक लागत की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में पूर्व-पश्चिम (ईस्ट-वेस्ट) कनेक्टिविटी को मजबूत करने के बाद अब उत्तर-दक्षिण (नॉर्थ-साउथ) कनेक्टिविटी को भी नई गति प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क अवसंरचना, विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी, सुरक्षित वातावरण और सुशासन के प्रभावी मॉडल के कारण “नया उत्तर प्रदेश” देश के ग्रोथ इंजन के रूप में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क से प्रदेश में आवागमन सुगम होगा, व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा तथा निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तर प्रदेश में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है, जिससे प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई दिशा मिल रही है।
इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

