oplus_0
मितौली खीरी। उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मितौली परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जुगल किशोर, उपजिलाधिकारी मधुसूदन गुप्ता तथा सीएचसी प्रभारी डॉ. देवेंद्र सिंह ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पौधे केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।

