लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने आगामी 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण अभियान (वन महोत्सव-2026) की तैयारियों की वर्चुअल समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा संचालित पौधारोपण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश सरकार द्वारा वन महोत्सव-2026 के अंतर्गत 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग को 16 लाख से अधिक पौधों के रोपण का लक्ष्य सौंपा गया है। उपमुख्यमंत्री ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जनपदों में समुचित तैयारी सुनिश्चित करने तथा पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक जनभागीदारी के साथ अभियान को सफल बनाया जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती मिल सके।
बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा) अमित कुमार घोष सहित प्रदेश के सभी जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

