चपरतला-खीरी।
अजबापुर चीनी मिल क्षेत्र में जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र मिश्रा ने एसडीआई अवनीश मिश्रा एवं चीनी मिल के महाप्रबंधक (वित्त) सुधीर अग्रवाल के साथ चीनी मिल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मिल परिसर में उपलब्ध शुगर स्टॉक का सत्यापन किया तथा गन्ना परिषद जीवीगंज के अभिलेखों की गहन जांच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसके उपरांत अधिकारियों ने क्षेत्र में स्थापित गन्ना प्रदर्शन प्लाटों का निरीक्षण कर फसल की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से गन्ना उत्पादन बढ़ाने, किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराने तथा प्रदर्शन प्लाटों के प्रभावी संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अजबापुर चीनी मिल के इकाई प्रमुख प्रभात कुमार सिंह, के.एन. राय, हरेंद्र त्रिपाठी, अजय सिंह बघेल सहित मिल एवं गन्ना विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

