oplus_0
मितौली (लखीमपुर खीरी)। मितौली कस्बे से शुक्रवार को एक दुखद घटना सामने आई। कस्बे में किराए के मकान में रह रही एक महिला अध्यापिका का शव कमरे में पंखे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मितौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला अपने लगभग 5 वर्षीय पुत्री के साथ मितौली कस्बे में किराए के मकान में रहती थीं। वह प्राथमिक विद्यालय रौतापुर में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। और वह मृतक प्रियंका यादव अयोध्या की रहने वाली बताई जा रही है जिसका पति पंजाब में प्राइवेट जॉब करता है ।शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उनका शव कमरे में पंखे से लटका मिला।
मकान मालिक द्वारा सूचना दिए जाने पर थाना प्रभारी महेश पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर आवश्यक जांच-पड़ताल की।
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। इस घटना से पूरे कस्बे में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

