मितौली/नीमगांव, खीरी। थाना नीमगांव क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत रहमतपुर स्थित बुद्ध विहार में देर रात अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा भगवान तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी नीमगांव प्रवीण गौतम एवं पुलिस प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
वहीं, बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधिमंडल एवं “बहुजनों की बुलंद आवाज़” टीम के साथ विधानसभा कस्ता-143 के युवा नेता सचिन सिंह नितिन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
बुद्ध विहार समिति के सहयोग से क्षतिग्रस्त प्रतिमा का पुनः शुद्धिकरण कराया गया। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और प्रतिमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिमा स्थल के चारों ओर लोहे की जाली लगाकर संरक्षण की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर सचिन सिंह नितिन ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों का सम्मान बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज में सौहार्द, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है।
पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

