लखीमपुर खीरी। कस्ता विधानसभा क्षेत्र के बेहजम मंडल अंतर्गत ग्राम लखनापुर स्थित बालाजी मंदिर परिसर में ज्येष्ठ मास के पावन मंगलवार के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी द्वारा कराया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अरविन्द गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में कस्ता विधानसभा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और बजरंग बली का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुजीता कुमारी ने कहा कि हनुमान जी संकटमोचन एवं भक्तवत्सल देवता हैं, जिनकी कृपा से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं, वहीं प्रदेश सरकार ने सुरक्षा, विकास और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है। उन्होंने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अरविन्द गुप्ता ने कहा कि बजरंग बली त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री राजेश सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कार्यसमिति सदस्य विनोद मिश्रा, कुलभूषण, उमाशंकर दद्दू, संजय गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

