मितौली खीरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन, सेवा एवं जनकल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास खंड मितौली परिसर में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं मेले का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि कस्ता विधानसभा क्षेत्र के विधायक सौरभ सिंह सोनू उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जाता है।
मेले में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। शिविर के माध्यम से सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, जनसमस्याओं के निस्तारण तथा पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

