लखीमपुर खीरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी ने शनिवार को थाना खीरी पहुंचकर थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया तथा पुलिस व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी पवन गौतम एवं क्षेत्राधिकारी सदर विवेक तिवारी भी मौजूद रहे।
थाना समाधान दिवस के समापन के बाद एसएसपी ने थाना कार्यालय, मालखाना, अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों में प्रविष्टियों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए तथा रिकॉर्ड के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर, बैरक एवं मेस की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया और स्वच्छता को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के संबंध में थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसुनवाई के मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए कार्य करने के निर्देश दिए।

