लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश आरक्षी भर्ती परीक्षा-2026 के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिलाधिकारी अंजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने सोमवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज, गांधी इंटर कॉलेज तथा स्वामी सहजानंद इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संबंधी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने परीक्षा कक्षों, प्रवेश एवं निकासी द्वारों, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, विद्युत व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध पेयजल सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की रोकथाम के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने तथा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

