फत्तेपुर खीरी। तहसील मितौली क्षेत्र के चुराई पूर्वा चौराहे पर स्थित नितेश किराना स्टोर में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
दुकान मालिक पंकज कुमार के अनुसार आग से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। आग की लपटों के बीच दुकान में रखा किराना सामान, जरूरी कागजात व अन्य सामग्री जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
घटना की सूचना मिलने के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। घटना के बाद दुकान मालिक काफी परेशान दिखाई दिए। वहीं चौराहे पर देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

