मितौली (खीरी)।विकासखंड मितौली सभागार में नारी शक्ति वंदन स्वाभिमान अभियान के समर्थन में जन आक्रोश महिला बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर विपक्ष के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और रैली निकाली। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा कांग्रेस नेता राहुल गाँधी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया।
सभागार से प्रारंभ हुई रैली मुख्य मार्गों से होते हुए कस्बे में निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और जोरदार उद्घोष के साथ विरोध दर्ज कराया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” और “नारी शक्ति जिंदाबाद” के नारे लगाए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जुगल किशोर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर मातृशक्ति को सशक्त बनाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कानून का उद्देश्य महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना और उन्हें नीति निर्धारण में सीधे शामिल करना है, ताकि वे केवल वोट बैंक बनकर न रह जाएं, बल्कि समाज में उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित हो।
उन्होंने पूर्व सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए और उन्हें केवल राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग किया। केंद्र सरकार का यह निर्णय दूरदर्शी साबित होगा और देश के विकास में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करेगा।
जिला मंत्री अमित सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार का यह ऐतिहासिक कदम महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और इससे उनकी राजनीतिक भागीदारी में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मन्ना लाल, सर्वेश सिंह, लालाराम, मदन शुक्ल, रुचि भार्गव, पुष्पा देवी, सोनी देवी, नीलम देवी, कुसुमा, रानी देवी सहित हजारों की संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
