पुलिस अधीक्षक खीरी, डॉ. ख्याति गर्ग द्वारा शनिवार को सर्किल धौरहरा अंतर्गत थाना खमरिया एवं थाना ईसानगर में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा हेतु अर्दली रूम आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने विवेचकों को गुणवत्ता के आधार पर मामलों के समयबद्ध निस्तारण के लिए स्पष्ट निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे मामलों का विधिक निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इसके साथ ही अनावरणित मामलों का शीघ्र खुलासा करने तथा गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों की जल्द से जल्द बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निस्तारित विवेचनाओं की नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिससे कार्यों की प्रभावी निगरानी की जा सके। इस अवसर पर संबंधित थानों के अधिकारी एवं विवेचक उपस्थित रहे।
