मितौली खीरी। थाना मितौली पुलिस ने क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का माल, नगदी व अवैध असलहा भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी मितौली के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक महेश पाठक के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने कस्बा मितौली एवं चौकी कस्ता क्षेत्र में दर्ज तीन चोरी के मुकदमों (मु.अ.सं. 05/26, 51/26 व 54/26) से संबंधित अभियुक्तों को 08 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रामलखन (25 वर्ष) निवासी ढखिया जाट, हेमराज (32 वर्ष) निवासी कानाखेड़ा तथा भाऊ उर्फ रामासरे (40 वर्ष) निवासी ढखिया जाट शामिल हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर एक गैस सिलेंडर व चोरी से प्राप्त 9,800 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा अभियुक्तों के पास से एक देशी बंदूक 12 बोर, दो तमंचे 12 बोर, एक तमंचा 315 बोर तथा जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जयकृष्ण तिवारी, हेड कांस्टेबल करुणेश वर्मा, राजेश मिश्रा, संतराम, होरीलाल तथा कांस्टेबल दीपक कुमार, सुगम कुमार, तरुण कुमार, अंकित हुड्डा और चमन कुमार शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।
