मितौली खीरी।कोतवाली मितौली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ओदारा में बीती रात दबंगों के हौसले बुलंद नजर आए। घर में सो रही एक नाबालिग किशोरी को अगवा करने की नीयत से घुसे दबंगों ने न केवल छेड़छाड़ की,बल्कि विरोध करने पर परिजनों पर तमंचा तानकर हवाई फायरिंग भी की। ग्राम ओदारा निवासी राजेंद्र कुमार पुत्र रामलाल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि घटना 31 मार्च की रात करीब 12 बजे की है। प्रार्थी अपने घर में सो रहा था, तभी गांव का ही पिंकू कश्यप पुत्र जियालाल अपने एक अज्ञात साथी के साथ दीवार फांदकर घर में घुस आया।
आरोप है कि दबंगों ने घर के अंदर सो रही राजेंद्र की 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ अभद्रता की और उसे गलत नीयत से उठाने का प्रयास करने लगे। किशोरी के चिल्लाने पर जब पिता और परिवार के अन्य सदस्य जाग गए और उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपियों ने तमंचा निकाल लिया।
पीड़ित का आरोप है कि दबंगों ने प्रार्थी पर तमंचा तान दिया और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की। जाते-जाते आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और कहा कि वह दोबारा आकर लड़की को उठा ले जाएंगे।
घटना से पीड़ित परिवार पूरी तरह सहमा हुआ है। बुधवार को राजेंद्र कुमार ने कोतवाली मितौली पहुँचकर प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
