जनपद खीरी में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत थाना सिंगाही की महिला शक्ति टीम ने जागरूकता अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी निघासन के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सिंगाही के नेतृत्व में यह अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान महिला शक्ति टीम ने क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अभियान के दौरान साइबर सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, सम्मान एवं बच्चों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं को उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए तथा प्रमुख कानूनों और गरिमा के विरुद्ध होने वाले अपराधों की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त महिला हिंसा एवं अन्य शिकायतों के निवारण हेतु विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।
