लखीमपुर खीरी।जनपद खीरी में एसजेपीयू/एएचटीयू थाना द्वारा मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित संगोष्ठी कक्ष में मासिक समन्वय बैठक एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के संरक्षण में संपन्न हुआ।
बैठक में बाल संरक्षण एवं महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान पूर्व में जारी कार्यवृत्त के अनुपालन की समीक्षा की गई और थानों पर नियुक्त बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों तथा महिला शक्ति केंद्र के कर्मचारियों के समक्ष आने वाली समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए सुझाव दिए गए।
बैठक में बाल गुमशुदगी, बाल श्रम, नशा मुक्ति अभियान, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम, लैंगिक समानता और नारी सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही किशोर न्याय अधिनियम 2015 में हुए नवीनतम संशोधनों और पॉक्सो एक्ट के मामलों में की जाने वाली आवश्यक कार्यवाही पर भी अधिकारियों को जानकारी दी गई।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत दर्ज मामलों की सूचना 24 घंटे के भीतर बाल कल्याण समिति को उपलब्ध कराई जाए तथा फार्म ‘ए’ और ‘बी’ को समय से संबंधित अधिकारियों को भेजा जाए। इसके अलावा जे.जे. एक्ट के अंतर्गत सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार करने, किशोर न्याय बोर्ड में पुलिस अधिकारियों के सादे वस्त्रों में उपस्थित होने और न्यायालय से प्राप्त बेल नोटिस की सूचना पीड़िता एवं बाल कल्याण समिति को समय से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. धनीराम (उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी), श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रियंका वर्मा, जे.बी. के हरेराम, कीर्ति शुक्ला (एडीजी क्रिमिनल, सिविल कोर्ट), शिक्षा विभाग से अनुभव अवस्थी व मुनेंद्र कुमार बाजपेई, चाइल्ड लाइन से अंजुमन परवीन, वन स्टॉप सेंटर से विजेता गुप्ता सहित विभिन्न संस्थाओं व विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
