मैगलगंज-खीरी। कस्बा स्थित सैंट एल एन चिल्ड्रेन एकेडमी में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय परिषद के सदस्य एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जुगल किशोर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य दिनेश चंद्र गुप्ता, शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष पवन मिश्रा, मैगलगंज इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह और गन्ना डायरेक्टर अनिल राठौर मौजूद रहे। अतिथियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि जुगल किशोर ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ-साथ ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। विद्यालय के प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने आए हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों और पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ समेत क्षेत्र के तमाम संभ्रांत व्यक्ति और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
