नीमगांव, खीरी। जनपद में पुलिसकर्मियों के उत्साहवर्धन और पदोन्नति के क्रम में नीमगांव थाना क्षेत्र की सिकंदराबाद चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल जय प्रकाश राय को उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) के पद पर प्रोन्नत किया गया है।
शुक्रवार को गरिमामय वातावरण में सीओ मितौली यादवेंद्र यादव और थानाध्यक्ष नीमगांव प्रवीर गौतम ने जय प्रकाश राय के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी की बधाई दी। इस अवसर पर सीओ मितौली ने कहा कि पदोन्नति न केवल एक सम्मान है, बल्कि यह अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक निष्ठावान होने की जिम्मेदारी भी है।
थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जय प्रकाश राय का कार्यकाल सराहनीय रहा है और उम्मीद है कि उपनिरीक्षक के रूप में वे जनसेवा में उत्कृष्ट योगदान देंगे। इस दौरान थाने के अन्य पुलिसकर्मियों ने भी उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
