मितौली खीरी। थाना क्षेत्र के ललहौआ गांव के पास सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नहर पटरी के किनारे एक 32 वर्षीय किराना व्यापारी का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। व्यापारी के जबड़े के निचले हिस्से में गोली लगी थी और दाहिने हाथ के पास एक अवैध तमंचा पड़ा मिला। पुलिस इसे संदिग्ध मामला मानते हुए हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। ललहौवा निवासी मृतक मनीष राठौर (32) पुत्र वेदनाथ की किराने की दुकान है। मृतक के बड़े भाई शैलेंद्र कुमार ने बताया कि वह सोमवार को किसी काम से मितौली जा रहे थे। तभी नहर पटरी मार्ग पर उन्होंने एक व्यक्ति को पड़ा देखा। बाइक रोककर पास जाने पर पता चला कि वह उनका छोटा भाई मनीष है। शैलेंद्र के अनुसार, मनीष के जबड़े के नीचे गोली लगी थी और पास में ही तमंचा पड़ा था। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पिता और पुलिस को दी।घटना की सूचना मिलते ही सीओ मितौली यादवेन्द्र सिंह और कोतवाल महेश पाठक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य संकलन के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस का बयान पीएम रिपोर्ट खोलेगी राज
सीओ यादवेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव के पास तमंचा मिलने और गोली लगने की स्थिति को देखते हुए पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों एंगल्स से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक सबूतों के आधार पर ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
