लखीमपुर खीरी । जिलाधिकारी खीरी, श्रीमती दुर्गा शक्ति नागपाल एवं पुलिस अधीक्षक खीरी, संकल्प शर्मा द्वारा आज क्षेत्राधिकारी धौरहरा, शमशेर बहादुर सिंह एवं थानाध्यक्ष ईसानगर श्री निर्मल तिवारी एवं अन्य पुलिस बल के साथ थाना ईसानगर क्षेत्रान्तर्गत घाघरा नदी के किनारे लगने वाले ठुठवा मेले का भ्रमण करते हुये मेले के दृष्टिगत की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा मेले के सुव्यवस्थित रूप से संचालन हेतु मेले के आवागमन के रास्तों का निरीक्षण करते हुये आने जाने वाले रास्तो एवं वाहनो के व्यवस्थित रख-रखाव हेतु पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर आवागमन के लिये अलग अलग रास्ते बनाये जाने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया । जिसके पश्चात द्वारा श्रद्धालुओं के स्नान हेतु बनाये गये घाटों का निरीक्षण करते हुये समस्त घाटो पर हर प्रकार की उपयोगिता की दृष्टि से मूलभूत व्यवस्थाएं पूर्ण कराने हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया । महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि मेले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की ड्यूटी लगाते हुये अराजक तत्वों पर सतर्कता की दृष्टि से कड़ी नजर रखी जाये, जिससे किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना कारित न हो सके और सभी श्रद्धालु एवं आम जनमानस को मेले में किसी भी प्रकार की कोई समस्या न हो ।

