लखीमपुर खीरी। मैलानी-भीरा मार्ग पर शारदा ब्रांच नहर में नहाते समय डूबे युवक का दूसरे दिन भी कोई पता ना लगने पर गुस्साए ग्रामीणों ने शाहजहांपुर-दूधवा राजकीय राजमार्ग जाम कर दिया, जाम की सूचना मिलते ही थाना मैलानी पुलिस मौके पर पहुंच गई और समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
मैलानी पुलिस द्वारा स्थानीय 16 गोताखोरों की मदद से डूबे युवक की तलाश किए जाने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस प्रशासन ने नहर का पानी बंद कराकर बाढ़ नियंत्रण टीम को बुलाया। आज दोपहर बाद मैलानी पहुंची टीम नहर में युवक को तलाश कर रही है। पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के थाना खुटार के ग्राम सलनहा निवासी गौरव वर्मा (18 वर्ष) पुत्र जसवंत बर्मा अपने दोस्तों के साथ मैलानी भीरा मार्ग स्थित शारदा ब्रांच नहर में अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए आया था। पुल के निकट वह नहाते समय नहर में डूबने लगा, जब तक साथी उसके पास पहुंचते उससे पहले वह पानी में डूब चुका था। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
उपनिरीक्षक कौशल किशोर ने बताया कि नहर में डूबे युवक की तलाश स्थानीय गोताखोरों एवं पीएसी के जवानों की मदद से की जा रही है। कुछ ग्रामीणों द्वारा मैलानी भीरा मार्ग अवरुद्ध करने का प्रयास किया गया मगर उन्हें समझा-बुझाकर मार्ग से हटा लिया गया है।
