लखीमपुर खीरी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 75वें जन्मदिवस (17 सितम्बर) से 2 अक्टूबर तक चल रहे ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौरहरा में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. रवि सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में पुरुष व महिला मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शिविर में कुल 677 पुरुष और 796 महिलाएँ पहुँचीं। इनमें से 16 पुरुषों व 34 महिलाओं की हाइपरटेंशन स्क्रीनिंग की गई, जबकि 16 पुरुषों की डायबिटीज स्क्रीनिंग की गई।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगियों की जांच कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया तथा ज़रूरतमंदों को दवाइयाँ भी वितरित की गईं। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने और नियमित जांच कराने के लिए जागरूक भी किया।
यह शिविर प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को “सेवा पखवाड़ा” के रूप में मनाते हुए जिलेभर में चलाए जा रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों की एक कड़ी है, जिसका उद्देश्य महिलाओं व परिवारों के स्वास्थ्य को सशक्त बनाना है।

