लखीमपुर-खीरी- शहर के मोहल्ला हाथीपुर सेठघाट निवासी डॉ. आशीष कुमार अवस्थी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। डॉ. अवस्थी को ओमान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम का हेड फिजियोथेरेपिस्ट नियुक्त किया गया है। वे अब आगामी एशिया कप व आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर में टीम के साथ जिम्मेदारी निभाएंगे।
ओमान की टीम आगामी एशिया कप (12 सितंबर से श्रीलंका में) और आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर (15 सितंबर से स्कॉटलैंड में) खेलेगी। डॉ. अवस्थी टीम के खिलाड़ियों की फिटनेस पर काम करेंगे। इस समय वे दुबई में टीम के साथ हैं।
डॉ. आशीष कुमार अवस्थी का पूरा परिवार इस उपलब्धि से बेहद खुश है। उन्होंने बताया कि ओमान की टीम वर्ल्ड कप तक भारत, उत्तर प्रदेश और विशेषकर खीरी का गौरव बढ़ाएगी।
लंदन क्लब में अनुभव लेने के बाद अब वे ओमान क्रिकेट टीम के साथ जुड़े हैं। फिजियो फिटनेस का पूरा ध्यान रख रहे हैं। ओमान टीम आगामी मुकाबलों में भारत और पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमों से भिड़ेगी। डॉ. आशीष का मानना है कि उनकी सेवाएं टीम को मजबूती देंगी।
व्यापारी के बेटे ने इस तरह तक किया अंतरराष्ट्रीय मंच तक सफर
आशीष (35) व्यापारी अमरनाथ अवस्थी और गृहणी गूंजना देवी के इकलौते बेटे हैं। उनकी शादी बहराइच निवासी शालिनी से हुई थी।
आशीष ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज से कक्षा 10 तक प्राप्त की। इसके बाद 12वीं की पढ़ाई लखीमपुर राजकीय इंटर कॉलेज से पूरी की।
इंटर पास करने के बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से फिजियोथेरेपी की पढ़ाई की। इसके बाद मास्टर ऑफ फिजियोथेरेपी की डिग्री हासिल की। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने दिल्ली में प्रैक्टिस करना शुरू किया।
इसी दौरान उन्हें दिल्ली के विभिन्न स्पोर्ट्स क्लबों से जुड़ने का मौका मिला। धीरे-धीरे उन्होंने ख्याति प्राप्त की और कई बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व भी किया।
कई बार मिल चुका है अंतरराष्ट्रीय सम्मान
डॉ. अवस्थी को अंतरराष्ट्रीय प्रमाणपत्र से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने सिंगापुर, दिल्ली और कई अन्य शहरों में आयोजित मैराथन एवं स्पोर्ट्स इवेंट्स में खिलाड़ियों को फिटनेस ट्रेनिंग दी।

