लखीमपुर खीरी।जिले के ब्लॉक पलिया के श्रीनगर और आज़ादनगर सहित कई बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार राहत व उपचार कार्य कर रही हैं। नाव के जरिए दवाइयाँ पहुंचाने और स्वास्थ्य परीक्षण करने का कार्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजीत सिंह, फार्मासिस्ट टी. रहमान और एनसीडी परामर्शदाता अंकित दीक्षित के नेतृत्व में किया जा रहा है।
सीएमओ के निर्देश पर गठित हुईं 8 टीमें
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के निर्देशानुसार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया के अधीक्षक डॉ. भरत सिंह के मार्गदर्शन में 4 सितंबर को बाढ़ क्षेत्र में 8 स्वास्थ्य टीमों का गठन किया गया। इन टीमों का निरीक्षण फिजिशियन डॉ. अजीत सिंह ने किया।
अलग-थलग पड़े गांवों तक पहुंची टीम
स्वास्थ्य टीमों ने श्रीनगर, मेला घाट, अटरिया, मकनपुर, चैंबरबोज, गोविंदपुरी, भानपुरी, कमलापुरी, आज़ादनगर और बर्बाद नगर जैसे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और दवाइयाँ वितरित कीं।
खास बात यह रही कि बर्बाद नगर, जो पूरी तरह मार्ग से कटा हुआ है, वहां नाव के जरिए टीम पहुंची और 18 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयाँ दीं।
ग्रामीणों को दी गई स्वास्थ्य सलाह
टीम ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि पानी को पीने से पहले क्लोरीन की टैबलेट डालकर शुद्ध करें।
बुखार अधिक होने पर माथे पर पानी की पट्टी रखने और पेरासिटामोल लेने की सलाह दी गई।
दस्त होने पर अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थ पीने की बात कही गई।
साथ ही बाढ़ के गंदे पानी से बचने की हिदायत भी दी गई।
एक दिन में 465 लोगों का परीक्षण
आज की इस कार्यवाही में कुल 465 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य टीम में डॉ. अजीत सिंह, अंकित दीक्षित, टी. रहमान, फार्मासिस्ट शिवलाल समेत अन्य कर्मचारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।

