लखीमपुर- खीरी। युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अर्थशास्त्र विभाग के स्टूडेंट्स इकॉनॉमिक फोरम द्वारा शोध प्रविधि (शोध सर्वेक्षण में निदर्शन विधियाँ) विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस व्याख्यान का संचालन प्रो. ज्योति पन्त व दीपक कुमार बाजपेई द्वारा किया गया। इस व्याख्यान का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति द्वारा निर्देशित स्नातक व परास्नातक के विद्यार्थियों में शोध अभिरूचि को बढ़ावा देना है। यह व्याख्यान इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं बसुधा आर्थिक संस्थान के अध्यक्ष डॉ. जगदीश नारायण पुरवार द्वारा दिया गया। अपने व्याख्यान में उन्होंने निदर्शन के विभिन्न प्रकार, प्राथमिक संमकों को एकत्रित करने की विधियों, निदर्शन का अनुकूलतम आकार एवं विभिन्न परिकल्पना परीक्षण विधियों को सरल भाषा में विद्यार्थियों को समझाया। इसी क्रम में महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के प्रभारी प्रो. संजय कुमार ने निदर्शन विधियों की वैज्ञानिकता एवं विभिन्न चुनावी सर्वेक्षणों में निदर्शन के उपयोग पर चर्चा की। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हेमन्त पाल ने अपने अध्यक्षीय उद्दबोधन में कहा कि सभी विषयों के शोध कार्यों में निदर्शन के महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराया। साथ ही आये हुए अतिथियों व आयोजनकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में प्रो. विशाल द्विवेदी, प्रो. मनोज मिश्रा, प्रो. सुभाष चन्द्र, श्वेतांक भारद्वाज व स्नातक तथा परास्नातक के विद्यार्थी उपस्थित रहें।

