रिपोर्ट – पंकज कुमार गौतम
लखीमपुर खीरी। आयुष्मान भव मेले के दृष्टिगत दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत को परखने के लिए सीएमओ डॉ संतोष कुमार गुप्ता ने एसीएमओ डॉ अनिल कुमार गुप्ता के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कफ़रा व लखाही सहित सीएचसी धौरहरा व सीएचसी रमियाबेहड़ का औचक निरीक्षण किया।
डॉ संतोष गुप्ता ने बताया कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयुष्मान भव मेले का आयोजन किया जा रहा है। शासन के निर्देश पर आयोजित इन मेलों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। जिससे ग्रामीण अंचलों में भी स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर किया जा सके। इसी के अंतर्गत उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौरहरा और रमियाबेहड के निरीक्षण के साथ ही दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों क्रमशः कफारा और लखाही का दौरा किया। पीएचसी लखाही में परिसर के निचले इलाके में जलभराव मिला, जहां के प्रभारी को सड़क संपर्क सुधार हेतु निर्देशित किया गया। वहीं पीएचसी कफारा में जिला अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ सतीश कुमार (सर्जन) और पीएचसी लखाही में फिजिशियन डॉ शिशिर पांडे अपनी सेवाएं दीं।

