(रिपोर्ट- क्राइम मंडल ब्यूरो -रोहित कुमार अर्कवंशी )
लखीमपुर-खीरी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान की शुरुआत 10 अगस्त से हो रही है। कार्यक्रम के तहत जिले भर में स्कूल व आंगनबाड़ी में बच्चों को यह दवा खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए पूरी तैयारी कर लीं है।
कार्यक्रम के नोडल डिप्टी सीएमओ डॉ अमित सिंह ने बताया कि जनपद के 6 ब्लॉकों बांकेगंज, बिजुआ, मितौली, निघासन, लखीमपुर अर्बन और ईसानगर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान 10 अगस्त 2024 व मापम दिवस 14 अगस्त 2024 को मनाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने बताया कि बच्चों में पेट के कीड़े उनके शारीरिक और मानसिक विकास को प्रभावित कर सकते हैं। इनके प्रभावों से बच्चों को बचाने के उद्देश्य से हर वर्ष जनपद में शासन के निर्देश पर यह अभियान चलाया जाता है। इस दिन स्कूलों और आंगनबाड़ी केदो में बच्चों को अल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी, ताकि वह पेट के कीड़े से मुक्त हो सके। यह कार्यक्रम बच्चों के संपूर्ण स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण है।
नोडल अधिकारी डॉ अमित सिंह ने अभिभावकों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा बहनों से अपील की है कि वह इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेकर स्कूल जाने वाले बच्चों को स्कूलों में तथा स्कूल न जाने वाले बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों में समय पर दवा खिलवाएं और इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

