मितौली खीरी तहसील मुख्यालय से चंद कदमो की दूरी पर लखीमपुर मैगलगंज हाइवे से केंद्रीय जवाहर नवोदय विद्यालय सहित मैनहन ओदारा आलपुर आदि दर्जनों गाँवो को जोड़ने वाली सड़क पर बड़े बड़े गड्ढों में गंदे जलभराव और कीचड़ से ग्रामीण बेहद परेशान हैं। ऐसा नहीं है कि यहां के लोगों ने इस मामले को प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष उठाया नहीं हो, लेकिन किसी भी अधिकारी जनप्रतिनिधि ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया है, जिसके कारण ग्रामीण यहां नारकीय जीवन जीने को विवश हैं।
मितौली कस्बे से सटी इस सड़क पर जिले का एक मात्र केंद्रीय जवाहर नवोदय विद्यालय होने के साथ साथ तहसील, ब्लाक, बैंक, बाजार आदि कामकाज के लिए हजारों दैनिक यात्रियों का आवागमन होता है। कस्बे के जर्जर पड़े इस मुख्य रास्ते में बड़े बड़े गड्ढो सहित कीचड़ और गंदा पानी भरा होने के कारण आये दिन राहगीर गिरकर चोटिल हो जाते हैं। लेकिन प्रसाशनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
कस्बे का मुख्य मार्ग होने के कारण दूर दराज के गाँवो से पढ़ने के लिए सैंकड़ों बच्चों का आना जाना लगा रहता। बारिश के दिनों में जर्जर सड़क पर गड्ढों में कीचड़ युक्त गंदा पानी भर जाने से अधिकांश बच्चे स्कूल ही नहीं जा पाते। जिससे पढ़ाई में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। ग्रामीणों का कहना है अगर जल्द से जल्द इस सड़क को दुरुस्त न कराया गया तो वो तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
