सिंगाही-खीरी। थाना सिंगाही क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 65 वर्षीय आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान खलील पुत्र अशर्फी, निवासी ग्राम सिंगहा कलां, थाना सिंगाही के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को पीड़िता के परिजन ने थाने पहुंचकर तहरीर दी कि गांव के ही खलील ने उनकी चार वर्षीय नाबालिग पुत्री को कथित रूप से जबरन घर ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही सिंगाही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में मु0अ0सं0 174/2026, धारा 65(2) बीएनएस एवं धारा 5(m)/6 पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पीड़िता को तत्काल चिकित्सीय परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सा सहायता के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।

