पीडब्ल्यूडी की सफाई अभियान के नाम पर लापरवाही, भीखमपुर चौराहे पर जलभराव से कांवरियों
भीखमपुर खीरी।विकासखंड मितौली क्षेत्र के कस्ता-ममरी मार्ग पर शासन के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सड़कों के दोनों किनारों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सड़कों को गड्ढा मुक्त और साफ-सुथरा किया जाना है, लेकिन भीखमपुर कस्बा चौराहे पर इसके उलट तस्वीर देखने को मिल रही है। विभाग की लापरवाही के चलते चौराहे पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भीखमपुर कस्बा चौराहे से कस्ता-ममरी मार्ग की ओर पीडब्ल्यूडी के जेई अभय के निर्देश पर कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि सड़क किनारे पड़ी मिट्टी को व्यवस्थित करने की बजाय जेसीबी मशीन से खोदकर गड्ढों में तब्दील कर दिया गया है। इससे बरसात का पानी वहीं रुक रहा है और पूरे चौराहे पर जलभराव की चिंताजनक स्थिति बन गई है।सावन माह होने के कारण इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों कांवरिये गुजर रहे हैं। जलभराव और जगह-जगह लगे मिट्टी के ढेरों से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि जेई साहब के आदेश पर बेलदार मनोज कुमार द्वारा जेसीबी से जगह-जगह गड्ढे खोदकर निकली मिट्टी को सीधे दुकानों के सामने डाल दिया गया है। इससे ग्राहकों को दुकानों तक आने-जाने में दिक्कत हो रही है और व्यापार प्रभावित हो रहा है
जब स्थानीय लोगों ने बेलदार मनोज कुमार से मिट्टी हटाने की बात कही तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि “तुमको जहां शिकायत करनी है कर लो, हम जो चाहेंगे वही करेंगे, काम जेई साहब के आदेश पर हो रहा है।” इस तरह के व्यवहार से लोगों में और अधिक आक्रोश है।
सालों पुरानी समस्या, नहीं हुआ समाधान
भीखमपुर कस्बा चौराहे पर जलभराव की यह समस्या नई नहीं है। सालों से यहां बारिश के मौसम में पानी भर जाता है। इसको लेकर कई बार समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं और अधिकारियों को अवगत भी कराया जा चुका है, लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
ग्रामीणों और दुकानदारों ने जिलाधिकारी लखीमपुर खीरी और अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग से मामले का संज्ञान लेकर चौराहे पर तत्काल जल निकासी और पड़ी मिट्टी को हटवाने की मांग की है।

