oplus_0
मितौली। थाना क्षेत्र के खमरिया गांव में मंगलवार सुबह हुए खूनी हमले में किशोरी लाल वर्मा की मौत के बाद बुधवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर कस्ता-ममरी मार्ग पर शव रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम किशोरी लाल वर्मा के घर के सामने श्याम किशोर वर्मा से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि मंगलवार सुबह श्याम किशोर वर्मा अपने कुछ साथियों के साथ जीप से गांव पहुंचा और किशोरी लाल वर्मा की तलाश करने लगा। इसी दौरान पड़ोस की एक गली में किशोरी लाल वर्मा पर लाठी-डंडों और कांटेदार हथियारों से हमला कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने गोलू नामक युवक पर भी लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद खेत से चारा लेकर घर लौट रहे किशोरी लाल वर्मा के बड़े बेटेरजनीश कुमार पर भी जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है। घटना में कई लोग घायल हुए।
सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से मितौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने किशोरी लाल वर्मा को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव गांव पहुंचा तो बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंच गए।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मामले में नामजद आरोपियों में से दो अभी गिरफ्तार नहीं हुए हैं। इसी को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने कस्ता-ममरी मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई कराने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी मितौली यादवेंद्र यादव, उपजिलाधिकारी संत दास पवार और नायब तहसीलदार शशांक मिश्रा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया और अंतिम संस्कार के लिए सहमति जताई।
जाम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नीमगांव थाना प्रभारी प्रवीर गौतम, मैगलगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार और क्राइम इंस्पेक्टर अखिलेश गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, मामले में सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

