गोला गोकर्णनाथ लखीमपुर खीरी। सोशल मीडिया को जहां आज अधिकांश लोग मनोरंजन और आय का जरिया मानते हैं, वहीं गोला गोकर्णनाथ के एक स्थानीय सोशल मीडिया क्रिएटर ने इससे होने वाली कमाई को समाजसेवा में लगाने की पहल शुरू की है। मोहल्ला निवासी अरविंद कुमार ने अपने सोशल मीडिया से होने वाली आय से मोहल्ले की जलभराव की समस्या दूर करने के लिए निजी खर्च से निर्माण कार्य शुरू कराया है।
अरविंद कुमार ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो के माध्यम से बताया कि उनके मोहल्ले की एक गली में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। बरसात के दौरान लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। समस्या को देखते हुए उन्होंने अपने खर्च से गली के दोनों ओर जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण शुरू कराया है। इसके साथ ही करीब 50 से 60 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण भी कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निजी प्रयास से हो रहे इस कार्य से उन्हें काफी राहत मिलने की उम्मीद है। मोहल्लेवासियों ने अरविंद कुमार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने समस्या को समझकर स्वयं पहल की और अपने स्तर से समाधान कराने का प्रयास किया।
अरविंद कुमार गोला गोकर्णनाथ के विकास चौराहे पर गारमेंट्स की दुकान संचालित करते हैं। इसके साथ ही वह इंस्टाग्राम और फेसबुक पर वीडियो बनाते हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें पहचान और आय मिली, जिसके बाद उन्होंने अपनी कमाई का एक हिस्सा जनहित के कार्यों में लगाने का निर्णय लिया।
अरविंद का कहना है कि भविष्य में भी वह जरूरतमंद परिवारों की मदद करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करने की इच्छा जताई है। उनका कहना है कि समाज में सकारात्मक कार्यों को बढ़ावा देने के लिए लोगों को अपनी क्षमता के अनुसार आगे आना चाहिए।
अरविंद सोशल मीडिया पर नए क्रिएटरों और स्थानीय लोगों को भी प्रोत्साहित करते हैं। उनके साथ वीडियो बनाने वाले कई लोगों को सोशल मीडिया पर पहचान बनाने में मदद मिलने की बात कही जा रही है। उनका उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को आगे बढ़ाना और रोजगार के अवसरों से जोड़ना भी बताया गया है।
अरविंद का कहना है कि सोशल मीडिया से मिली पहचान और आय का उपयोग यदि किसी जरूरतमंद के काम आ सके, तो इससे बड़ी खुशी उनके लिए कुछ नहीं है।

