लखीमपुर खीरी। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने शनिवार को जनपद के विभिन्न कांवड़ मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने लखीमपुर-सिसैया-जालिमनगर, लखीमपुर-शारदानगर-ढखेरवा, लखीमपुर-फरधान-गोला, गोला-हैदराबाद-गोमती मोड़-मोहम्मदी, मोहम्मदी-अमीरनगर-सिकंदराबाद, सिकंदराबाद-शिवाला मोड़-कस्ता, कस्ता- बेहजम-ओयल तथा ओयल-लखीमपुर मार्गों पर बनाए गए कांवड़ ड्यूटी प्वाइंट एवं बैरियर प्वाइंट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जहां भी ड्यूटी में कमियां मिलीं, वहां संबंधित क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। उन्होंने कांवड़ मार्गों पर यातायात व्यवस्था, डायवर्जन, बैरिकेडिंग तथा पुलिस बल की तैनाती का भी जायजा लिया।
एसपी ने भीड़भाड़ वाले एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा कांवड़ मार्गों पर लगातार पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। कांवड़ यात्रा मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रखने तथा आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने, कांवड़ियों से विनम्र व्यवहार करने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनपदवासियों एवं कांवड़ यात्रियों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। खीरी पुलिस द्वारा श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

