मितौली/बेहजम। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कस्ता विधानसभा क्षेत्र के विधायक सौरभ सिंह सोनू ने बुधवार को बेहजम स्थित प्राचीन एवं पौराणिक तीर्थस्थल बाबा गौरी शंकर मंदिर, पकरिया जलालपुर सहित क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन एवं दर्शन किया।
इस अवसर पर विधायक ने मंदिर के पुजारियों एवं संतजनों को अंगवस्त्र (पटका) पहनाकर सम्मानित किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है, जो गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और समर्पण का संदेश देता है। गुरु का मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन को सही दिशा प्रदान करता है और समाज के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं से विधायक ने मुलाकात कर सभी को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं तथा प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

