बाकेगंज ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ऋषिकांत अहिरवार के स्थानांतरण की खबर सामने आने के बाद ब्लॉक क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधानों में चिंता का माहौल है। सभी ग्राम प्रधान एकजुट होकर पलिया विधायक रोमी साहनी के पलिया आवास पहुंचे और उन्हें एक संयुक्त ज्ञापन सौंपते हुए बीडीओ का स्थानांतरण रोकने की मांग की।
ग्राम प्रधानों ने विधायक रोमी साहनी को बताया कि वर्तमान समय चुनावी वर्ष का है। विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। ऐसे में बीडीओ ऋषिकांत अहिरवार को ब्लॉक की सभी योजनाओं, ग्राम पंचायतों और लंबित कार्यों की पूरी जानकारी है। यदि इस समय उनका स्थानांतरण होता है तो विकास कार्यों की गति प्रभावित हो सकती है और कई योजनाओं के समय पर पूर्ण होने में अनावश्यक विलंब होगा।
प्रधानों ने कहा कि वर्तमान बीडीओ के नेतृत्व में विकास कार्य सुचारु रूप से संचालित हो रहे हैं और प्रशासनिक समन्वय भी बेहतर है। इसलिए जनहित और विकास कार्यों की निरंतरता को देखते हुए उन्हें बाकेगंज ब्लॉक में ही बनाए रखा जाना आवश्यक है।
सभी ग्राम प्रधानों ने विधायक रोमी साहनी से अनुरोध किया कि वह शासन स्तर पर प्रभावी पहल करते हुए बीडीओ ऋषिकांत अहिरवार का स्थानांतरण रुकवाने का प्रयास करें, ताकि विकास कार्य बिना किसी बाधा के समय पर पूरे हो सकें और चुनावी वर्ष में क्षेत्र की विकास गति प्रभावित न हो।

