लखीमपुर खीरी।जनपद खीरी के थाना फूलबेहड़ में शनिवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना-पत्र की टीम बनाकर मौके पर जांच की जाए तथा समयबद्ध ढंग से उसका शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
इस अवसर पर जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी (सीओ) अपने-अपने सर्किल के थानों पर मौजूद रहे और स्थानीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। थाना फूलबेहड़ सहित जनपद के अन्य थानों पर भी थाना समाधान दिवस का प्रभावी आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

