लखीमपुर खीरी। आगामी21 को आयोजित होने वाली री-नीट परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए खीरी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस लाइन खीरी के सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही, यातायात प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें।
एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने, नकल कराने अथवा अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए एसएसपी ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं ऐसी हों कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

