शारदानगर (खीरी)। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना शारदानगर परिसर में बुधवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने की।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी पवन गौतम, उप जिलाधिकारी सदर अश्वनी कुमार सिंह सहित क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, धर्मगुरु, ताजियादार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने सभी से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मुहर्रम मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार की सफलता इसी में है कि इसके समापन के बाद किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी तथा जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों एवं कार्यक्रमों के अनुसार ही निकाले जाएंगे। किसी भी जुलूस या कार्यक्रम में डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही मुहर्रम के दौरान किसी भी स्थान पर किसी भी प्रकार के पाउडर के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी व्यक्ति द्वारा अफवाह फैलाने अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किए जाने पर तत्काल कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया तथा शांतिपूर्ण ढंग से मुहर्रम मनाने का संकल्प लिया।

