लखनऊ/लखीमपुर खीरी। जनपद के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर ने शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास, जनहित एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पूर्व राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर ने कहा कि सरकार आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई इस मुलाकात में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई तथा क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया गया।

