लखीमपुर खीरी। पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र, लखनऊ श्री किरण एस. ने शनिवार को जनपद खीरी का भ्रमण कर पुलिस लाइन स्थित उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद पुलिस लाइन सभागार में आईजी की अध्यक्षता में समीक्षा गोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी त्योहारों, विशेष रूप से मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
आईजी ने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, पीस कमेटियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए तथा सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी रखी जाए ताकि अफवाहों को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, जनसुनवाई को प्रभावी बनाने तथा अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट एवं गुंडा एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान आईजी ने खीरी पुलिस द्वारा विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, वांछित वारंटियों की गिरफ्तारी तथा अपहृत एवं गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस महानिरीक्षक ने स्थानीय पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता कर जनपद की कानून व्यवस्था एवं पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस-पब्लिक पार्टनरशिप को मजबूत बनाने में मीडिया की भूमिका की प्रशंसा करते हुए सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

