लखीमपुर खीरी। जिले के बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज की हॉस्पिटल विंग को जल्द से जल्द पूरी क्षमता के साथ संचालित करने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचकर हॉस्पिटैलिटी ब्लॉक-ए, बी एवं सी का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ अस्पताल संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मेडिकल कॉलेज प्राचार्य और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा चिन्हित कमियों की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी तकनीकी एवं व्यवस्थागत खामियों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दूर किया जाए, ताकि हॉस्पिटल विंग का हैंडओवर शीघ्र पूरा हो सके और मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार जिले में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ मेडिकल कॉलेज परियोजना को आगे बढ़ा रही है। यह केवल एक निर्माण परियोजना नहीं बल्कि लाखों लोगों की बेहतर चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी जनहित की महत्वाकांक्षी योजना है।मेडिकल कॉलेज की हॉस्पिटल विंग के संचालन से जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। शासन की मंशानुरूप अस्पताल को जल्द क्रियाशील बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा। हैंडओवर में देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही कार्यदायी संस्था को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन विद्युत महकमे से समन्वय करते हुए विद्युत कनेक्शन की कार्रवाई शीघ्र करवाई जाए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ.संतोष गुप्ता, प्रधानाचार्य डॉ. वाणी गुप्ता, सीएमएस डॉ. आरके कोली, डॉ. एके गुप्ता, अधिशासी अभियंता अशोक कुमार, डीएसटीओ सहित निर्माण एजेंसी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

