हैदराबाद, खीरी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना हैदराबाद क्षेत्र के ग्राम भललिया बुजुर्ग एवं कोटवारा में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील मलिक ने की।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने मौजूद ग्रामीणों, ताजिया कमेटी के पदाधिकारियों एवं संभ्रांत नागरिकों से त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए ताजियों की अधिकतम ऊंचाई 10 फीट रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा ताजियों की ऊंचाई निर्धारित सीमा के भीतर रखने पर सहमति जताई। थाना प्रभारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, ताजिया कमेटी के सदस्य एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी से मिल-जुलकर पर्व मनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

