हैदराबाद (खीरी) । आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना हैदराबाद परिसर में शनिवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सुनील मलिक ने की।
बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, ताजिया निर्माताओं तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान थानाध्यक्ष ने उपस्थित लोगों से त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध अथवा आपत्तिजनक गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। बैठक में कानून व्यवस्था बनाए रखने, जुलूसों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
पीस कमेटी के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

