बिजुआ/लखीमपुर खीरी। ब्लॉक बिजुआ क्षेत्र के ग्राम शिवपुरी में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिजुआ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। बिजुआ पुलिस के तेजतर्रार उपनिरीक्षक सुशील तिवारी ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

